सुधाकर महिला कॉलेज के कैंपस प्लेसमेंट में 77 छात्राओं का चयन

वाराणसी। पाण्डेयपुर स्थित सुधाकर महिला शिक्षण संस्थान समूह में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। 5 जून को आयोजित इस प्लेसमेंट अभियान में कुल 87 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 77 छात्राओं का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन हुआ। चयनित छात्राओं को 3.5 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज पर नियुक्ति का अवसर मिला।

कैंपस प्लेसमेंट में आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा मोटर्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, लावा, सेलकॉम तथा ओएसएस प्राइवेट लिमिटेड जैसी देश की अग्रणी कंपनियों ने भाग लिया। बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, बीएड और विधि संकाय की छात्राओं ने साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

संस्थान के चेयरमैन डॉ. प्रभु नारायण दूबे ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि कैंपस प्लेसमेंट शिक्षा और रोजगार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संस्थान छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में कैंपस प्लेसमेंट की महत्वपूर्ण भूमिका है और महाविद्यालय की छात्राएं अपनी प्रतिभा से संस्थान का नाम रोशन कर रही हैं।

तकनीकी निदेशक आयुष्मान दूबे ने कहा कि सुधाकर महिला कॉलेज ने कैंपस प्लेसमेंट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में अवसर दिलाने में सफलता प्राप्त की है।

निदेशक आशीर्वाद दूबे एवं प्रशासनिक निदेशक कीर्तिमान दूबे ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्लेसमेंट प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चयनित 77 छात्राओं को विभिन्न कंपनियों के ऑफर लेटर प्रदान किए गए। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों को शील्ड एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. आशुतोष मिश्र एवं डॉ. श्याम सुन्दर मिश्र ने किया। इस अवसर पर संस्थान के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।