काशी में बुलडोजर केक काटकर मनाया गया सीएम योगी का जन्मदिन, तीसरी बार सीएम बनाने और ‘300 पार’ का लिया संकल्प

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन अनोखे और उत्साहपूर्ण अंदाज में मनाया गया। मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले भाजपा विधायक त्रिभुवन राम के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर के आकार का विशेष केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। इस दौरान "सीएम योगी बधाई हो", "बुलडोजर बाबा बधाई हो", "फिर एक बार योगी सरकार" और "300 पार" के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

भाजपा विधायक त्रिभुवन राम समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 300 से अधिक सीटों के साथ प्रचंड बहुमत दिलाया जाएगा और योगी आदित्यनाथ को लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और सशक्त कानून व्यवस्था की दिशा में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी कारण प्रदेश की जनता का भरोसा भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश के निरंतर विकास की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प भी दोहराया। इस दौरान अजगरा से भाजपा विधायक त्रिभुवन राम, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश सिंह, कपिल देव पाण्डेय, राणा चौहान, शैलेश पांडेय समेत तमाम नेता कार्यकर्ता मौजूद रहें।