विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रयागराज जंक्शन में चला हस्ताक्षर अभियान, यात्रियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रयागराज जंक्शन में चला हस्ताक्षर अभियान, यात्रियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विशेष हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में रेल यात्रियों, रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रयागराज जंक्शन के कॉन्कोर्स क्षेत्र में आयोजित इस अभियान का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने ?प्रकृति रक्षति रक्षितः? का संदेश देकर किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करने से ही प्रकृति हमारी रक्षा करती है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 15 मई से विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत साइकिल रैलियों का आयोजन, ?एक पेड़ माँ के नाम? अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

युवा पीढ़ी में पर्यावरण चेतना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालयों और महाविद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। वहीं स्वच्छ और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सफाई कर्मियों को जूट के बैग और स्टील की बोतलों का वितरण किया गया तथा उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान यात्रियों ने विशेष हस्ताक्षर बोर्ड पर अपने संदेश लिखकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कई यात्रियों ने अधिक से अधिक पौधरोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने तथा ?रिड्यूस, रीसायकल और रीयूज? की अवधारणा को अपनाने का संदेश दिया। साथ ही हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान भी किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अमित मालवीय, जनसंपर्क अधिकारी रागिनी सिंह सहित जनसंपर्क विभाग के पूरण मल मीना और संदीप केसरवानी भी उपस्थित रहे।

उत्तर मध्य रेलवे का यह अभियान यात्रियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।