प्रयागराज मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, निकाली जागरूकता प्रभात फेरी

प्रयागराज मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, निकाली जागरूकता प्रभात फेरी

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित पखवाड़ा अभियान का शुक्रवार को उत्साहपूर्वक समापन हुआ। 15 मई से 5 जून तक "क्लाइमेट चेंज" विषय पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत मंडल में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित समापन कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक विक्रम सिंह कोली, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, स्टेशन निदेशक सुमन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष रेलवे परिसरों, कॉलोनियों और रेलवे भूमि पर चार लाख से अधिक पौधों का रोपण किया गया था तथा इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से प्रयागराज जंक्शन तक पर्यावरण जागरूकता प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से वृक्ष संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि ?मिशन लाइफ? और विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। पोस्टर, बैनर, डिजिटल संदेश और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान के तहत यात्रियों और कर्मचारियों को पुनः उपयोग योग्य बोतलें, बैग और कंटेनरों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेलवे प्रशासन द्वारा प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई तथा जल पुनर्भरण केंद्रों का निरीक्षण कर यात्रियों को अपनी बोतलों का पुनः उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। स्टेशनों पर कार्यरत विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं को भी सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टूंडला, अलीगढ़, फतेहपुर और मिर्जापुर रेलवे स्टेशनों पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान कर्मचारियों और बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। इसके अलावा मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ और हरित वातावरण का संदेश दिया गया।

प्रयागराज मंडल ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।