विश्व पर्यावरण दिवस पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का हरित अभियान, 20 हजार से अधिक पौधे रोपे गए

बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। 15 मई से 5 जून तक चलाए गए "विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026" का समापन शुक्रवार को भव्य कार्यक्रमों के साथ हुआ, जिसमें रेलवे परिसरों, स्टेशनों और कॉलोनियों में हजारों पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लोको कॉलोनी स्थित नवनिर्मित सामुदायिक भवन "रेल संस्कृति निकेतन" का उद्घाटन किया और इसे रेल परिवार को समर्पित किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने पौधारोपण कर वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्यालय सेक्रो अध्यक्षा मीनाक्षी शर्मा, अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वृक्षारोपण अभियान का दूसरा प्रमुख आयोजन बिलासपुर के नवीन अधिकारी विश्राम गृह के समीप विकसित "मधुवन उद्यान" में किया गया। यहां महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व में लगभग 500 फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवकों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित चित्रकला, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों एवं रेल कर्मचारियों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट चित्रकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। महाप्रबंधक ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और कॉलोनियों में 20 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही प्लास्टिक उन्मूलन, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा की गई, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण सुनिश्चित किया गया तथा विक्रेताओं को पर्यावरण-अनुकूल सामग्री और इको-फ्रेंडली कटलरी अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों को पुन: उपयोग योग्य पानी की बोतलों के इस्तेमाल और वाटर रिफिल प्वाइंट्स के उपयोग के लिए भी जागरूक किया गया।

रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरणीय स्थिरता, हरित विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने का संकल्प लिया।