विश्व पर्यावरण दिवस पर फिरोजपुर मंडल ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, 427 पौधे लगाए

विश्व पर्यावरण दिवस पर फिरोजपुर मंडल ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, 427 पौधे लगाए

फिरोजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फिरोजपुर रेल मंडल में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर सभी ने ऊर्जा एवं जल संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यक्तिगत और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर विशेष बल दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून तक फिरोजपुर मंडल में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और अस्पतालों में कार्यशालाएं, जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता अभियान तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

रेल मंत्रालय की पहल ?एक पेड़ माँ के नाम? अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल में कुल 427 पौधे लगाए गए, जिनमें से 50 पौधे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में रोपे गए। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

अभियान के दौरान यात्रियों और कर्मचारियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने, कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग), ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि प्रकृति की रक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं।

फिरोजपुर मंडल द्वारा चलाया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और समाज को हरित एवं स्वच्छ भविष्य के लिए प्रेरित करता है।