पीसमील लोडिंग से किसानों और व्यापारियों को मिला नया सहारा, फिरोजपुर मंडल ने बढ़ाई माल परिवहन की सुविधा

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे का फिरोजपुर मंडल किसानों, छोटे व्यापारियों और फुटकर कारोबारियों को अपने उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मंडल द्वारा पीसमील लोडिंग सुविधा को बढ़ावा दिए जाने से अब छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारी भी कम लागत और कम समय में अपने सामान को दूर-दराज के बाजारों तक भेज पा रहे हैं।

आमतौर पर रेलवे के माध्यम से माल परिवहन के लिए पूरी मालगाड़ी या रेक बुक करनी पड़ती है, लेकिन पीसमील लोडिंग व्यवस्था ने छोटे व्यापारियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। इस सुविधा के तहत व्यापारी अपनी आवश्यकता के अनुसार केवल एक या कुछ वैगनों में ही माल बुक कर रेलवे की किफायती और सुरक्षित माल ढुलाई सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इससे सड़क परिवहन की तुलना में परिवहन लागत में उल्लेखनीय कमी आती है।

वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल और मई माह के दौरान फिरोजपुर मंडल ने नवांशहर दोआबा, मुक्तसर और फाजिल्का रेलवे स्टेशनों से असम के लिए पीसमील लोडिंग के तहत कुल 37 वैगनों में माल भेजा। इनमें नवांशहर दोआबा और मुक्तसर से पेपर तथा फाजिल्का से मवेशियों का चारा रवाना किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 54 प्रतिशत से अधिक वृद्धि को दर्शाती है, जो इस सुविधा की बढ़ती लोकप्रियता और उपयोगिता का प्रमाण है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि इस सफलता के पीछे फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) की सक्रिय भूमिका रही है। बीडीयू के सदस्य लगातार व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों के संपर्क में रहकर रेलवे की माल परिवहन सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्यमियों को भी सशक्त बनाना है। पीसमील लोडिंग सुविधा के माध्यम से उन्हें अपनी उपज और उत्पादों को तेज, सुरक्षित और किफायती तरीके से देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

फिरोजपुर मंडल की यह पहल न केवल स्थानीय व्यापार को नई गति दे रही है, बल्कि किसानों और छोटे कारोबारियों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण योगदान नसाबित हो रही है।