उत्तर पश्चिम रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य स्तरीय इंटीग्रेशन कैंप का जयपुर में भव्य शुभारंभ

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे राज्य भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय इंटीग्रेशन कैंप का बुधवार को अरावली रेलवे ऑफिसर्स क्लब, गणपति नगर, जयपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। यह शिविर 3 जून से 7 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और यूनिट लीडर्स सहभागिता कर रहे हैं।

शिविर का उद्घाटन राज्य मुख्य आयुक्त एवं मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर (कोचिंग) कैप्टन शशि किरण तथा जिला आयुक्त एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर प्रमोद रावत ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के आदर्शों को अपनाने, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस राज्य स्तरीय कैंप में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों, राजस्थान राज्य तथा उत्तर रेलवे से आए लगभग 280 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों से आए युवाओं के बीच आपसी सहयोग, सांस्कृतिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है।

कैंप के दौरान प्रतिभागियों के लिए लोक नृत्य, क्विज प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, रंगोली, पेंटिंग, फैंसी ड्रेस, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, एथनिक फैशन शो तथा निबंध लेखन जैसी अनेक रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।

राज्य मुख्य आयुक्त ने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। शिविर का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा, राज्य संगठन आयुक्त दिनेश पांडे, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जोली शुक्ला तथा सहायक राज्य संगठन आयुक्त सुभाष दुपगा के सहयोग से किया जा रहा है।

यह इंटीग्रेशन कैंप युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक सद्भाव और नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।