ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते रामसिंहपुरा रेलवे फाटक 8 घंटे रहेगा बंद

ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते रामसिंहपुरा रेलवे फाटक 8 घंटे रहेगा बंद

जयपुर। जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण कानोता यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 207 (रामसिंहपुरा फाटक) को 4 जून 2026 को सड़क यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रैक की मरम्मत एवं रखरखाव कार्य को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए रामसिंहपुरा फाटक को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं। रेलवे द्वारा यह कार्य रेल संचालन की सुरक्षा और ट्रैक की बेहतर स्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद फाटक को पुनः सड़क यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।