सर्राफा व्यापारियों व बैंक फ्रेंचाइजी संचालकों संग पुलिस की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

सुरेरी-स्थानीय थाना परिसर में बुधवार शाम 6 बजे क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा की मौजूदगी में थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने सर्राफा व्यापारियों एवं बैंक फ्रेंचाइजी संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, अपराध की रोकथाम तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि सर्राफा व्यवसायी एवं बैंक फ्रेंचाइजी संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नकदी या कीमती सामान के आवागमन के दौरान यदि किसी भी व्यापारी को सुरक्षा की आवश्यकता महसूस होती है, तो वह तत्काल थाना पुलिस से संपर्क करे। पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा घटना की सूचना बिना देर किए पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने भी अपनी समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा, जिस पर थाना प्रभारी ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में बैंक फ्रेंचाइजी संचालकों में लाखु गिरी, रूपेश, मनोज मौर्य एवं वंश नारायण गिरी तथा सर्राफा व्यवसायियों में मदन सेठ, पप्पू सेठ, अनिल सेठ सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।