जिज्ञासा हॉस्पिटल के मेगा हेल्थ कैंप में उमड़ी मरीजों की भीड़, सैकड़ों लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

मुरादाबाद। जिज्ञासा हॉस्पिटल में सोमवार को एक भव्य एवं विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न जांच सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सी.पी. सिंह एवं जिज्ञासा हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया।

अस्पताल द्वारा आयोजित इस मेगा हेल्थ कैंप में विभिन्न विभागों के अनुभवी चिकित्सकों ने पूरी तरह निःशुल्क चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया। शिविर के दौरान हड्डियों की जांच (बीएमडी), रक्त शर्करा जांच, फेफड़ों की कार्यक्षमता जांच (पीएफटी) तथा बॉडी फैट एनालिसिस (बीएफए) जैसी महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं। इसके अलावा रेडियोलॉजी एवं पैथोलॉजी जांचों पर विशेष छूट भी प्रदान की गई, जिससे मरीजों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं कम खर्च में उपलब्ध हो सकीं।

शिविर के सफल संचालन में जिज्ञासा हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर एवं जीआई एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. राहुल कुमार, मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. करिश्मा सिंह, आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. शारिक अरशद, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सना इबाद, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आबिदा, मुख-जबड़ा एवं चेहरा रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक्षा द्विवेदी, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. इमरान, फैमिली मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अंकित कुमार सिंह तथा डॉ. अमित सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठा सकें।

शिविर में पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।