चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: मध्य रेल के कर्मचारियों ने कराई सुरक्षित प्रसूति, मां-बेटा दोनों स्वस्थ

चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी: मध्य रेल के कर्मचारियों ने कराई सुरक्षित प्रसूति, मां-बेटा दोनों स्वस्थ

भुसावल। मध्य रेल के रनिंग स्टाफ ने मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनस डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15945) में एक गर्भवती महिला की सुरक्षित प्रसूति कराई। ट्रेन में जन्मे स्वस्थ पुत्र की किलकारी ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी ला दी।

यह घटना 30 मई को भुसावल और हरदा के बीच हुई। शाम करीब 5:25 बजे यात्री रवि चौधरी ने ट्रेन कंडक्टर एस. पी. फिरके और टिकट परीक्षक अंबरीश कुमार तिवारी को सूचना दी कि उनकी पत्नी ज्योति को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है और उनकी हालत बिगड़ रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोच बी-6 की गैलरी में कंबलों और चादरों की मदद से एक सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थान तैयार किया। महिला को वहां आरामदायक स्थिति में रखा गया और सहयात्रियों की मदद से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

इसी दौरान रनिंग स्टाफ ने भोपाल कंट्रोल को सूचना देकर हरदा स्टेशन पर डॉक्टर और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। कंट्रोल कार्यालय ने तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

रेलकर्मियों और महिला यात्रियों के सहयोग से शाम करीब 5:40 बजे चलती ट्रेन में ही ज्योति ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। नवजात के जन्म के बाद कोच में मौजूद यात्रियों ने राहत और खुशी व्यक्त की।

ट्रेन शाम 6:07 बजे हरदा स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्टेशन स्टाफ, महिला कांस्टेबल और चिकित्सा दल पहले से मौजूद था। नवजात की नाल नहीं काटी गई थी, इसलिए मां और शिशु को तत्काल बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल भेजा गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार मां और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय रेल केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि संकट के समय उनका भरोसेमंद सहायक भी है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने मध्य रेल के कर्मचारियों की संवेदनशीलता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे रेलवे की मानवीय सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।