रायगढ़ में आंधी का कहर: होर्डिंग गिरने से युवती घायल, शहरभर में ब्लैकआउट; खरसिया में हनुमंत कथा का पंडाल धराशायी

रायगढ़ में शनिवार शाम मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। तेज आंधी, बारिश और तूफान ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारी तबाही मचाई। शहर के सुभाष चौक पर तेज हवाओं के कारण एक विशाल लोहे का होर्डिंग सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से ममता दास नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल युवती को तत्काल संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने तत्काल बैरिकेडिंग कर इलाके को सुरक्षित किया, जबकि नगर निगम और प्रशासन की टीम जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुट गई। निगम के तकनीकी, विद्युत, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग के 30 से अधिक कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य में लगे रहे।

तेज आंधी-तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। शाम करीब 6 बजे के बाद पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। कई जगह बिजली के खंभे और तार टूटने से घंटों ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। देर रात तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

इस बीच लोगों के मोबाइल फोन पर मौसम विभाग का ?एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट? भी गूंजा। अलर्ट में रायगढ़, कोरबा, शक्ति और सरगुजा जिलों में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और भीषण आंधी की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील की।

वहीं खरसिया क्षेत्र के चपले गांव में च/ल रही संगीतमय श्री हनुमंत कथा के दौरान भी तूफान ने भारी तबाही मचाई। अचानक आई तेज हवाओं और बारिश से श्रद्धालुओं के लिए बनाया गया विशाल पंडाल धराशायी हो गया। पंडाल गिरते ही आयोजन स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

गनीमत रही कि समय रहते श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आयोजन समिति और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।