विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में चला व्यापक वृक्षारोपण एवं जागरूकता अभियान

बरेली। इज्जतनगर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और सतत रेलवे संचालन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और रेलवे परिसरों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई गतिविधियां संचालित की गईं।अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के बीच पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना रहा।एक पेड़ माँ के नाम पहल के अंतर्गत बरेली सिटी, इज्जतनगर, काठगोदाम, हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर सिटी, लालकुआं, बहेड़ी, कासगंज, हाथरस सिटी, फर्रुखाबाद, पीलीभीत और टनकपुर सहित कई रेलवे स्टेशनों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।रेलवे परिसरों, कॉलोनियों और कार्यालयों में कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने छायादार, फलदार और पर्यावरण हितैषी पौधे लगाकर हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को प्लास्टिक के कम उपयोग, जल एवं विद्युत संरक्षण, कचरा पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण तथा स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।

ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण पर भी दिया गया जोर

अभियान के अंतर्गत ई-कचरे के बढ़ते पर्यावरणीय दुष्प्रभावों को लेकर भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित संग्रहण, उचित निस्तारण और जिम्मेदार पुनर्चक्रण की प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए आधुनिक जीवनशैली में ई-कचरे का सही प्रबंधन बेहद आवश्यक है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए आने वाले दिनों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।