सेंट्रल रेलवे की वातानुकूलित लोकल ट्रेनों में बढ़ा यात्रियों का भरोसा, जनवरी से मई 2026 तक 1.50 करोड़ यात्रियों ने किया सफर

मुंबई। सेंट्रल रेलवे की वातानुकूलित (एसी) लोकल ट्रेनें अब मुंबई उपनगरीय यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही हैं। 26 जनवरी से 20 मई 2026 के बीच सेंट्रल रेलवे की एसी लोकल सेवाओं में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इस अवधि में करीब 1.50 करोड़ यात्रियों ने एसी लोकल ट्रेनों में सफर किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 1.30 लाख यात्री इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।रेलवे द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में इसी अवधि के दौरान प्रतिदिन औसतन 87,596 यात्री एसी लोकल में सफर कर रहे थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 1,30,075 हो गई। प्रति सेवा औसत यात्री संख्या भी 1,474 से बढ़कर 1,664 पहुंच गई, जो लगभग 12.9 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।

एसी लोकल सेवाओं का तेजी से हुआ विस्तार

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने एसी लोकल सेवाओं का लगातार विस्तार किया है। वर्ष 2025 में जहां 66 एसी लोकल सेवाएं संचालित हो रही थीं, वहीं मई 2025 में इन्हें बढ़ाकर 80 कर दिया गया।

इसके बाद 26 जनवरी 2026 से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी)-पनवेल रेलखंड पर एसी लोकल सेवाएं शुरू होने के बाद कुल सेवाएं बढ़कर 94 हो गईं। मई 2026 में अतिरिक्त 14 सेवाएं जोड़े जाने के बाद अब सेंट्रल रेलवे पर कुल 108 एसी लोकल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

रेलवे की आय में भी हुआ बड़ा इजाफा

एसी लोकल सेवाओं की लोकप्रियता का असर रेलवे की आय पर भी साफ दिखाई दिया है। वर्ष 2026 में दैनिक औसत राजस्व बढ़कर 56 लाख रुपये पहुंच गया, जबकि वर्ष 2025 में यह 38.50 लाख रुपये था। इसी अवधि में कुल आय 44.27 करोड़ रुपये से बढ़कर 64.40 करोड़ रुपये हो गई।

यात्रियों को मिल रहा सुरक्षित और आरामदायक सफर

सेंट्रल रेलवे के अनुसार एसी लोकल सेवाओं की लगातार बढ़ती लोकप्रियता यह साबित करती है कि मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर यात्री अब सुरक्षित, तेज और आरामदायक यात्रा को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं। मार्च और मई 2026 के दौरान यात्रियों की संख्या सबसे अधिक दर्ज की गई।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि सेंट्रल रेलवे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव और आधुनिक उपनगरीय परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें और निर्धारित कोच में ही सफर करें, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।