उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया कानपुर परिक्षेत्र का व्यापक निरीक्षण, विकास कार्यों को दी नई गति

कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 27 मई को कानपुर परिक्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे संरचना, परिचालन व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण की शुरुआत ओल्ड वाशिंग लाइन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान बढ़ते रेल यातायात को ध्यान में रखते हुए वाशिंग लाइन की क्षमता विस्तार की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई।इसके बाद महाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स, जीएमसी यार्ड, सीपीसी गुड्स शेड तथा कानपुर अनवरगंज स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास योजनाओं और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने पर बल दिया।निरीक्षण के दौरान कानपुर अनवरगंज से मंधना के मध्य निर्माणाधीन एलिवेटेड ट्रैक परियोजना का भी जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज से रावतपुर के बीच निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का अवलोकन किया और कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।महाप्रबंधक ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चल रहे रीडेवलपमेंट कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नरेश पाल सिंह ने संरक्षा, परिचालन दक्षता एवं यात्री सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते रेल यातायात और कोचिंग गाड़ियों की संख्या को देखते हुए रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।रेलवे प्रशासन का उद्देश्य कानपुर परिक्षेत्र में आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर यात्री सुविधाओं से युक्त रेलवे व्यवस्था विकसित करना है, जिससे यात्रियों को भविष्य में और अधिक सुगम एवं आरामदायक यात्रा अनुभव मिल सके।