यात्रियों को बड़ी राहत: मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट स्पेशल अब नियमित ट्रेन के रूप में चलेगी

पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व से संचालित 09075/09076 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष गाड़ी का संचालन अब नियमित ट्रेन के रूप में किया जाएगा। यह ट्रेन अब 21907/21908 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी।रेलवे प्रशासन के अनुसार 21907 मुम्बई सेंट्रल-काठगोदाम सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन 27 मई 2026 से प्रत्येक बुधवार को मुम्बई सेंट्रल से किया जाएगा, जबकि 21908 काठगोदाम-मुम्बई सेंट्रल सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से संचालित होगी।यह ट्रेन बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, लालकुआं और हल्द्वानी सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। नियमित संचालन शुरू होने से उत्तराखंड और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 02 जीएसएलआरडी, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 07 शयनयान, 04 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा।मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।