यूटीएस प्रणाली में तकनीकी कार्य आज रात, 30 मिनट तक प्रभावित रहेंगी कुछ ऑनलाइन सेवाएं

यूटीएस प्रणाली में तकनीकी कार्य आज रात, 30 मिनट तक प्रभावित रहेंगी कुछ ऑनलाइन सेवाएं

टिकट बुकिंग और आर-वॉलेट रिचार्ज पर अस्थायी असर, शेष राशि से बुकिंग जारी रहेगी

बिलासपुर। रेलवे की डिजिटल सेवाओं को और अधिक बेहतर एवं सुचारु बनाने के लिए अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (यूटीएस) में मंगलवार देर रात तकनीकी रखरखाव कार्य किया जाएगा। इस दौरान कुछ ऑनलाइन सुविधाएं सीमित समय के लिए प्रभावित रहेंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यूटीएस प्रणाली में आवश्यक तकनीकी रखरखाव एवं कैशिंग गतिविधि के तहत 09 और 10 जून की मध्यरात्रि 11:50 बजे से 12:20 बजे तक विशेष तकनीकी कार्य निर्धारित किया गया है। इस 30 मिनट की अवधि में रेलवन यूटीएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से टिकट बुकिंग तथा सीपीएस के जरिए आर-वॉलेट रिचार्ज की सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेगी।

हालांकि, जिन यात्रियों के आर-वॉलेट में पहले से राशि उपलब्ध है, वे उस शेष राशि का उपयोग कर सामान्य रूप से टिकट बुकिंग कर सकेंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि तकनीकी कार्य पूरा होते ही सभी सेवाएं तत्काल पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए टिकट बुकिंग और आर-वॉलेट रिचार्ज का कार्य पहले ही पूरा कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह तकनीकी कार्य डिजिटल आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।