उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

आलापुर (अम्बेडकर नगर)। निविदा/संविदा कर्मचारी सत्यप्रकाश पुत्र सुन्दर ने जिलाधिकारी अम्बेडकर नगर को प्रार्थना पत्र देकर माननीय उच्च न्यायालय, लखनऊ खण्डपीठ द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन की मांग की है। प्रार्थी ने बताया कि वह पूर्व में 33/11 केवीए उपकेन्द्र तेन्दुआई कला, आलापुर रामनगर में कार्यरत था। आरोप है कि विभाग द्वारा 04 अगस्त 2025 को बिना विधिवत कार्यमुक्त किये उसका स्थानान्तरण रामनगर कर दिया गया तथा इसके दो दिन बाद 06 अगस्त 2025 को पुनः जलालपुर खण्ड अन्तर्गत उपकेन्द्र रफीगंज भेज दिया गया। सत्यप्रकाश का कहना है कि लगातार किये गये स्थानान्तरण से वह मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान हो गया। मामले को लेकर उसने पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज कराई थीं, किन्तु कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई ।प्रार्थी ने दावा किया कि इस मामले में माननीय उच्च न्यायालय में रिट संख्या 5885/2024 विचाराधीन है तथा न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने स्थानान्तरण आदेश निरस्त नहीं किये।उन्होंने जिलाधिकारी से उच्च न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा कथित अवैध स्थानान्तरण आदेशों को निरस्त किये जाने की मांग की है।