राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी ने मोहा सबका मन

आलापुर (अंबेडकर नगर)।भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी, देवरिया पंडित विद्यालय में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा निकाली गई राधा-कृष्ण की झांकी और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने कृष्ण कन्हैया एवं राधा रानी का रूप धारण कर प्रार्थना, नृत्य, माखन चोरी, मटकी फोड़ सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों के मनमोहक नृत्य और अभिनय को देखकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने जमकर तालियां बजाईं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा गुप्ता, संरक्षक लालमणि गोंड, प्रबंधक रमेशचंद्र गुप्ता, शिक्षक सुमन वर्मा, अंजू विश्वकर्मा, प्रिया दूबे, विभयराज उपाध्याय, राधिका, श्रेया, साक्षी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधक रमेशचंद्र गुप्ता एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा गुप्ता ने बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति रुचि भी पैदा करते हैं।