सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने डिडौरी ग्राम चौपाल का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को विकास खण्ड मुरादाबाद की ग्राम पंचायत डिडौरी में आयोजित ग्राम चौपाल का निरीक्षण कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी), सहायक विकास अधिकारी (आरडी), पूर्ति अधिकारी, सीएचओ, एलईओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।ग्राम चौपाल में सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने ग्रामीणों से संवाद कर राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि समय से राशन वितरण किया जा रहा है। इस पर सीडीओ ने पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि समय-समय पर सत्यापन कर वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत में बने आरआरसी केंद्र का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कर आरआरसी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को गांव में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।सीडीओ ने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नालियों की समय-समय पर सफाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को गांव में शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ मिल सके।मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में पात्र लाभार्थी श्री जगत सिंह पुत्र मन्नू को आवास योजना की सभी किस्तें प्राप्त होने एवं आवास निर्माण पूर्ण होने की जानकारी भी चौपाल में दी गई।इसके अलावा जनगणना-2027 के तहत 22 मई से 22 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा मकानों की गणना किए जाने की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की गई।