इज्जतनगर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ाया कदम, स्टेशनों पर शुरू हुआ इको-फ्रेंडली कटलरी अभियान

बरेली। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर मंडल द्वारा रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में गुरुवार को अभियान के सातवें दिन रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न स्टेशनों पर पर्यावरण-अनुकूल कटलरी के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान के तहत बरेली सिटी, इज्जतनगर, लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, कासगंज, काशीपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, हाथरस एवं पीलीभीत स्टेशनों पर खानपान इकाइयों, फूड स्टॉलों और यात्री सेवा क्षेत्रों में बायोडिग्रेडेबल एवं गैर-प्लास्टिक कटलरी के उपयोग के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया।इस दौरान खानपान विक्रेताओं, स्टॉल संचालकों, कर्मचारियों और यात्रियों को प्लास्टिक अपशिष्ट से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। विक्रेताओं को प्लास्टिक कप, प्लेट, चम्मच और कैरी बैग के स्थान पर कागज के कप, लकड़ी के चम्मच, सुपारी पत्तों से बनी प्लेट, कपड़े के थैले और अन्य पर्यावरण-अनुकूल सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।स्टेशनों पर उद्घोषणाओं, पोस्टरों, बैनरों और डिजिटल संदेशों के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खानपान इकाइयों का निरीक्षण कर एकल उपयोग प्लास्टिक में कमी लाने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया।अभियान में रेलवे कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ, खानपान विक्रेताओं और यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया।इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों और कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।