अलीगढ़ में बसों में लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पाया काबू, बड़ा हादसा टला

अलीगढ़ में गुरुवार सुबह भाकरी फ्लाईओवर के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मरम्मत के लिए खड़ी कई बसों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना सुबह करीब 8:58 बजे अग्निशमन विभाग को मिली, जिसके बाद फायर विभाग तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गभाना से एक फायर टेंडर तथा फायर स्टेशन बन्ना देवी से एफएसओ के नेतृत्व में दो फायर टेंडर और एक एफक्यूआरवी वाहन मौके के लिए रवाना किए गए। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार भी तत्काल मौके पर पहुंचे।मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बसों में तेज लपटों के साथ आग धधक रही थी। प्राथमिक निरीक्षण के बाद फायर टीमों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर पंपिंग के माध्यम से तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए मात्र आधे घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।स्थानीय लोगों के अनुसार चारों बसें मरम्मत के लिए वहां खड़ी थीं और मरम्मत कार्य के दौरान ही आग लग गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।मौके पर सीओ गभाना महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। वहीं मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार, एफएसओ बन्ना देवी और फायर विभाग की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।