ग्रामीण पत्रकारिता के पुरोधा स्व. बालेश्वर लाल जी की 39वीं पुण्यतिथि 27 मई को

-पूरे प्रदेश में मनेगा ग्रामीण पत्रकारिता दिवस : प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह

अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी की 39वीं पुण्यतिथि आगामी 27 मई 2026 को पूरे प्रदेश में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। संगठन के प्रदेश नेतृत्व ने इस अवसर को ग्रामीण पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों और 351 तहसीलों में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय द्विवेदी और प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटेलाल द्वारा जारी संयुक्त निर्देश में कहा गया है कि संगठन की मजबूती और संस्थापक की स्मृतियों को संजोने के लिए प्रदेश के कोने-कोने में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समस्त जिलाध्यक्षों और महामंत्रियों के नेतृत्व में कार्यक्रम होंगे, जिनमें जिले में निवास करने वाले प्रांतीय व मंडलीय पदाधिकारियों की सहभागिता अनिवार्य होगी। सभी 351 तहसीलों में तहसील अध्यक्षों के नेतृत्व में गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

उत्कृष्ट पत्रकारों का होगा सम्मान

इस वर्ष की पुण्यतिथि को और भी यादगार बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने "स्वर्गीय बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान समारोह-2026" आयोजित करने का सुझाव दिया है। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट और विशिष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे पत्रकारों का मनोबल बढ़ाया जा सके।

प्रशासनिक सहभागिता और व्यापक प्रचार-प्रसार

इन कार्यक्रमों में जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को भी अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा, जिससे पत्रकारिता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। साथ ही, संस्थापक जी के विचारों और ग्रामीण पत्रकारिता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा।

अनुशासन और कड़ाई से अनुपालन के निर्देश

प्रदेश नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों को विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया है कि संस्थापक जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यह आयोजन न केवल एक श्रद्धांजलि होगी, बल्कि ग्रामीण पत्रकारों की एकता और शक्ति का प्रतीक भी बनेगा।