इज्जतनगर मंडल में आतंकवाद विरोधी दिवस पर शपथ समारोह आयोजित, रेल कर्मियों ने लिया शांति और एकता का संकल्प

बरेली। इज्जतनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर एक शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सभी शाखा अधिकारियों एवं रेल कर्मियों को शपथ दिलाई।शपथ के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत की अहिंसा एवं सहिष्णुता की परंपरा में दृढ़ आस्था व्यक्त करते हुए यह संकल्प लिया कि वे सभी प्रकार के आतंकवाद एवं हिंसा का दृढ़ता से विरोध करेंगे। साथ ही उन्होंने समाज में शांति, सामाजिक सद्भाव तथा आपसी समझ को बनाए रखने और मानव मूल्यों को क्षति पहुँचाने वाली विघटनकारी शक्तियों के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिज्ञा ली।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि आतंकवाद मानवता, शांति एवं विकास के लिए एक गंभीर खतरा है। यह भय और अस्थिरता फैलाकर न केवल निर्दोष लोगों के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक एकता, आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा को भी कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जन-जागरूकता, एकता, शिक्षा और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार सहित मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, शांति एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश के साथ किया गया।