इज्जतनगर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

बरेली। रेलवे बोर्ड एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में इज्जतनगर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अंतर्गत अभियान 5 जून 2026 तक लगातार चलाया जा रहा है।

अभियान के दूसरे दिन 16 मई 2026 को लालकुआँ, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, काशीपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, मथुरा कैंट, इज्जतनगर एवं पीलीभीत सहित कई स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम व कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

इस दौरान #MissionLiFE एवं विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम के तहत पर्यावरण संरक्षण, जलवायु कार्रवाई, सिंगल यूज़ प्लास्टिक में कमी, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों व विक्रेताओं को प्लास्टिक बोतल, कप, कैरी बैग व डिस्पोजेबल वस्तुओं के उपयोग से बचने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। पोस्टर, बैनर, डिजिटल डिस्प्ले व उद्घोषणा के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित पहल का संदेश दिया गया।

इज्जतनगर मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक