अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टियों में आग से बचाव की दी गई जानकारी

अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टियों में आग से बचाव की दी गई जानकारी

स्कीम नंबर-15 के तहत 5 स्थानों पर 49 लोगों को किया गया जागरूक, पंपलेट भी बांटे गए

अलीगढ़। अलीगढ़ में एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत आग से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जनपद के समस्त अग्निशमन केंद्र प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में 05 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ की टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के दौरान लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैनों द्वारा 49 व्यक्तियों को झोपड़ियों में लगने वाली आग के संभावित कारणों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग की टीम ने झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर, छोटे सिलेंडरों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के बारे में समझाया। साथ ही बताया गया कि अक्सर लूज वायरिंग, चूल्हे से निकलने वाली चिंगारी, तथा सिलेंडर में लगे जीर्ण-क्षीर्ण पाइप और रेगुलेटर में लीकेज के कारण गंभीर अग्निकांड की घटनाएं सामने आती हैं।

जागरूकता अभियान के दौरान झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को कई महत्वपूर्ण सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई। टीम ने कहा कि भोजन पकाने का स्थान पक्का होना चाहिए और गैस सिलेंडर के पास आपात स्थिति के लिए एक कोने में दो भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखें, ताकि आग लगने पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

इसके अलावा जागरूकता कार्यक्रम में फायर वॉलिंटियर्स का सहयोग लेने की भी अपील की गई। अभियान के दौरान लोगों को पंपलेट वितरित किए गए और पंपलेट में दिए गए बिंदुओं को पढ़कर आग से बचाव के उपायों को विस्तार से समझाया गया।

इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य झोपड़पट्टियों में रहने वाले लोगों को सतर्क करना और अग्निकांड की घटनाओं को रोकना है। उन्होंने कहा कि जनपद में भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।