अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, 131 लोगों को दी गई आग से बचाव की जानकारी

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए फायर सर्विस विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अलीगढ़ के निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के तहत स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 10 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 131 लोगों को झोपड़ियों में आग लगने के संभावित कारणों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा लोगों को बताया गया कि झोपड़पट्टियों में आग लगने का प्रमुख कारण लकड़ी के चूल्हे से निकलने वाली चिंगारी, ढीली विद्युत वायरिंग, कुकिंग गैस सिलेंडर, जीर्ण-शीर्ण पाइप, तथा रेगुलेटर लीकेज होता है, जिससे गंभीर अग्निकांड की संभावना बढ़ जाती है।

जागरूकता के दौरान नागरिकों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का और सुरक्षित होना चाहिए। साथ ही गैस सिलेंडर के पास एक बाल्टी में दो भीगे हुए टाट के बोरे रखने की भी अपील की गई ताकि आपात स्थिति में तुरंत आग पर नियंत्रण किया जा सके।

इस अभियान में फायर वॉलिंटियर्स का भी सहयोग लिया गया। फायर सर्विस टीम द्वारा लोगों को पंपलेट वितरित कर उसमें दिए गए निर्देशों को पढ़कर समझाया गया और आग से बचाव के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि विभाग का उद्देश्य जनसामान्य को जागरूक कर आग की घटनाओं को रोकना है, ताकि जनहानि और संपत्ति नुकसान से बचा जा सके।