पूर्वोत्तर रेलवे के तीन कर्मचारी बने ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’, महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की कड़ी में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 19 मई 2026 को महाप्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तीन कर्मचारियों को सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ घोषित किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।इस सम्मान में इज्जतनगर मंडल के भोजीपुरा स्टेशन के अंतर्गत समपार संख्या 3/सी पर गेटमैन के पद पर कार्यरत जाकिर हुसैन को उनके सराहनीय कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान अप मालगाड़ी के गुजरने के समय उन्होंने इंजन के चक्के से चिंगारी निकलते हुए देखा। तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उन्होंने मालगाड़ी को रुकवाया और जांच कराई। जांच में चक्के में तार फंसा हुआ पाया गया, जिसे हटाने के बाद मालगाड़ी को सुरक्षित रवाना किया गया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार मो. जाकिर हुसैन की सजगता एवं सतर्कता से एक बड़ी संभावित दुर्घटना टल गई और रेल संचालन सुरक्षित बना रहा।कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने मो. जाकिर हुसैन के कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें साधुवाद दिया।रेल प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की सजगता और जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा कर्मचारियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से ऐसे सम्मान नियमित रूप से दिए जाते हैं।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक