बदायूं में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 10 वाहन सीज, 5 लाख रुपये जुर्माना वसूला

बदायूं में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 10 वाहन सीज, 5 लाख रुपये जुर्माना वसूला

बदायूं। शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री हरिओम के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया, जिसमें कुल 18 वाहनों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान थाना कुंवरगांव क्षेत्र में 3 भारी वाहन, थाना कादरचौक में 1 भारी वाहन तथा परिवहन कार्यालय बदायूं में 6 भारी वाहनों को खनन कार्य में उपयोग किए जाने पर सीज किया गया। इसके अलावा एक ट्रैक्टर को निर्धारित क्षमता से अधिक बालू ढोने के कारण परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया।

कार्रवाई के दौरान कुल 5 वाहनों का चालान भी किया गया। सभी वाहनों से लगभग 5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूल कर सरकारी खाते में जमा कराया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री हरिओम ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की कि निर्धारित भार क्षमता के अनुसार ही वाहन में सामान लोड करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें