उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली व वृहद पौधरोपण, 400 से अधिक कर्मचारियों ने लिया भाग

प्रयागराज। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर मध्य रेलवे द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा इस वर्ष 15 मई से 05 जून 2026 तक भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम जलवायु परिवर्तन निर्धारित की गई है।इसी क्रम में 18 मई 2026 को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली से हुई, जिसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाना था। इस साइकिल रैली का नेतृत्व उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह तथा प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने किया। रैली में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।साइकिल रैली के समापन के बाद रेलगाँव कॉलोनी में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें महाप्रबंधक सहित सभी विभागाध्यक्षों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इसके साथ ही सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ अभियान के अंतर्गत सफाई कर्मियों को कपड़े के थैले और स्टील की बोतलें वितरित की गईं, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके।इस आयोजन में उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हीमा चौहान सिंह, सचिव श्रीमती साधना कुमार, सदस्य श्रीमती राखी द्विवेदी सहित अन्य सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मियों) को कपड़े के थैले और स्टील की बोतलें वितरित कीं।महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस अवसर पर सभी को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में लगभग 400 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश कुमार जाटव (CME/Project) एवं मनीष कुमार (मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक) के नेतृत्व में पर्यवेक्षकों की टीम द्वारा किया गया।रेल प्रशासन ने बताया कि 15 मई से 05 जून तक चलने वाले इस पर्यावरण पखवाड़े के दौरान प्रतियोगिताएं, श्रमदान, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, पौधरोपण अभियान तथा कपड़े के थैले व स्टील की बोतलों का वितरण जैसी पर्यावरण केंद्रित गतिविधियां लगातार आयोजित की जाती रहेंगी।