अपर मंडल रेल प्रबंधक ने चुनार–चोपन रेलखंड का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व विकास कार्यों की समीक्षा

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने गुरुवार को चुनार?चोपन रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण कर रेलवे के विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सक्तेशगढ़, लूसा, सोनभद्र, चुर्क, अगोरी खास एवं चुनार स्टेशनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, सर्कुलेटिंग एरिया तथा प्रवेश और निकास मार्गों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

रेल प्रशासन ने बताया कि प्रयागराज मंडल के अंतर्गत सोनभद्र एवं चुनार सहित कुल 14 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है, जबकि करछना एवं गोविंदपुरी स्टेशनों का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार ने लूसा?खैराही रेललाइन के दोहरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।

निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार ने स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों से संवाद भी किया और उन्हें यात्रियों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं उत्तरदायी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है, जिसके लिए नियमित निगरानी एवं बेहतर समन्वय आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था और यात्रियों को बेहतर सूचना सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्टेशन प्रशासन द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत की गई। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर सुधार एवं विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल