सारंगपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और धोखाधड़ी मामले में 4 गिरफ्तार

राजगढ़। जिले में ऑनलाइन सट्टा एवं साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजगढ़ पुलिस की सारंगपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने निवेश के नाम पर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा लगाकर धोखाधड़ी करने एवं आईडी बेचकर सट्टा खिलाने वाले अलग-अलग मामलों में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी निलेश उर्फ रिंकू चौहान एवं जीतू चौहान निवासी सारंगपुर ने निवेश के नाम पर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा लगवाकर करीब 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सारंगपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन एवं 1 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के मोबाइल में लगभग 20 लाख रुपये के ऑनलाइन सट्टे का हिसाब भी मिला है।वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर सूचना पर पाडल्या माता रोड सारंगपुर से दीपक सिंह भिलाला एवं संजय राठौर को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते गिरफ्तार किया। आरोपी मोबाइल के माध्यम से आईपीएल सट्टा एवं सट्टा मटका साइट चला रहे थे। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को आईडी उपलब्ध कराकर तथा स्वयं की आईडी से ऑनलाइन सट्टा खिलाकर अवैध लाभ कमा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस द्वारा अन्य ऑनलाइन सट्टा कारोबारियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।