लीलण एक्सप्रेस बहाल, अब आसलपुर-जोबनेर स्टेशन पर भी मिलेगा ठहराव

लीलण एक्सप्रेस बहाल, अब आसलपुर-जोबनेर स्टेशन पर भी मिलेगा ठहराव

कनकपुरा यार्ड का तकनीकी कार्य पूरा, 9 ट्रिप बाद फुलेरा-जयपुर खंड पर संचालन सामान्य

19 मई से शुरू होगा नया प्रायोगिक स्टॉपेज

जोधपुर। यात्रियों के लिए राहत की खबर है। जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर के बीच संचालित लीलण सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन शनिवार से पुनः बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही रेलवे ने जयपुर के समीप आसलपुर-जोबनेर स्टेशन पर ट्रेन का प्रायोगिक ठहराव भी घोषित किया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि कनकपुरा यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते 4 मई से 15 मई तक विभिन्न दिनों में ट्रेन संख्या 12467/12468 का फुलेरा-जयपुर खंड पर संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहा था और कुल 9 ट्रिप प्रभावित हुई थीं। अब कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेन का संचालन नियमित रूप से फिर शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आसलपुर-जोबनेर स्टेशन पर लीलण सुपरफास्ट को नया ठहराव प्रदान किया है। इस नई सुविधा से आसलपुर-जोबनेर क्षेत्र के यात्रियों को जयपुर और जैसलमेर के लिए सीधी यात्रा में सुविधा मिलेगी।

आसलपुर-जोबनेर स्टेशन पर नया ठहराव समय

ट्रेन संख्या 12467 (जैसलमेर-जयपुर लीलण सुपरफास्ट): 20 मई से दोपहर 12:25 बजे आगमन, 12:27 बजे प्रस्थान।

ट्रेन संख्या 12468 (जयपुर-जैसलमेर लीलण सुपरफास्ट): 19 मई से शाम 5:02 बजे आगमन, 5:04 बजे प्रस्थान।

रेलवे के इस निर्णय से क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और यात्रा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।