अलवर स्टेशन का ₹112 करोड़ से होगा कायाकल्प, 2 नए प्रवेश द्वार व 9 लिफ्ट की सुविधा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- राजस्थान की विरासत और आधुनिकता का संगम बनेगा नया स्टेशन

अलवर स्टेशन का ₹112 करोड़ से होगा कायाकल्प, 2 नए प्रवेश द्वार व 9 लिफ्ट की सुविधा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- राजस्थान की विरासत और आधुनिकता का संगम बनेगा नया स्टेशन

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अलवर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। इस परियोजना पर ₹112 करोड़ की लागत आएगी। पुनर्विकसित स्टेशन में यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसमें दो साइड एंट्री, एक अतिरिक्त हाई लेवल प्लेटफॉर्म, 6 मीटर चौड़ाई के दो फुट ओवरब्रिज और 9 आधुनिक लिफ्ट शामिल होंगी।

यह जानकारी केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की वास्तुकला और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ जोड़ते हुए अलवर स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है।

इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्री संजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े।

रेल मंत्री ने बताया कि दिल्ली-जयपुर रेल मार्ग पर स्थित अलवर स्टेशन प्रतिदिन हजारों यात्रियों को सेवा प्रदान करता है। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट, पर्याप्त पार्किंग, आधुनिक आगमन-प्रस्थान क्षेत्र और यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

परियोजना के तहत लगभग 16,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में नया स्टेशन परिसर विकसित होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए निजी वाहन, टैक्सी व ऑटो के लिए अलग पिक-अप व ड्रॉप-ऑफ ज़ोन बनाए जाएंगे। करीब 4,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में नई पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे स्टेशन परिसर में भीड़ कम होगी।

रेलवे द्वारा स्टेशन पर करीब 1,900 वर्ग मीटर क्षेत्र में वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए भी जगह विकसित की जा रही है। इससे अलवर में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री ने बताया कि राजस्थान में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 85 स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य चल रहा है, जिसमें से 15 स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं। इनमें जैसलमेर, बूंदी, बाड़मेर, मंडलगढ़, सोमेसर, दौसा, डीग, देशनोक, फतेहपुर शेखावटी, गंगापुर सिटी, गोगामेड़ी, गोविंदगढ़, राजगढ़, खैरथल और मंडावर महवा रोड शामिल हैं।

वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं और एक अमृत भारत एक्सप्रेस भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में राज्य को कुल 46 नई ट्रेनें मिली हैं, जिससे कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के लिए रेलवे बजट आवंटन बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि पहले यह लगभग 682 करोड़ रुपये था। 2014 के बाद राज्य में करीब 3,900 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बिछाए गए हैं।

केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अलवर स्टेशन के पुनर्विकास को राजस्थान की स्थापत्य पहचान का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह स्टेशन भविष्य में राज्य के सर्वश्रेष्ठ रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली के निकट होने का लाभ राजस्थान को मिल रहा है और भिवाड़ी-नीमराणा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को मजबूत परिवहन नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।