मध्य रेल का 17 मई को मेगा ब्लॉक, ठाणे-कल्याण व पनवेल-वाशी सेक्शन की कई लोकल सेवाएं प्रभावित

मध्य रेल का 17 मई को मेगा ब्लॉक, ठाणे-कल्याण व पनवेल-वाशी सेक्शन की कई लोकल सेवाएं प्रभावित

मेन लाइन पर फास्ट लोकल डायवर्ट, हार्बर व ट्रांस-हार्बर लाइन पर कई सेवाएं रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेल, मुंबई मंडल द्वारा रविवार 17 मई 2026 को विभिन्न इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। यह मेगा ब्लॉक मेन लाइन पर ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच तथा हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी सेक्शन के बीच संचालित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस दौरान कई लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी और कुछ सेवाएं रद्द भी की जाएंगी।

मध्य रेल के अनुसार मेन लाइन पर ठाणे-कल्याण के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइनों पर सुबह 10:40 बजे से दोपहर 15:40 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 09:34 बजे से दोपहर 15:03 बजे तक चलने वाली डाउन फास्ट और सेमी फास्ट लोकल सेवाओं को ठाणे और कल्याण के बीच डाउन स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें अपने निर्धारित ठहराव के अतिरिक्त कालवा, मुंब्रा और दिवा स्टेशनों पर भी रुकेंगी तथा अपने गंतव्य पर लगभग 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी।

इसी प्रकार कल्याण से सुबह 10:28 बजे से दोपहर 15:40 बजे तक चलने वाली अप फास्ट और सेमी फास्ट लोकल सेवाओं को कल्याण और ठाणे के बीच अप स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये सेवाएं दिवा, मुंब्रा और कालवा स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव करेंगी तथा आगे मुलुंड स्टेशन पर पुनः अप स्लो लाइन पर डायवर्ट होकर लगभग 10 मिनट की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी।

रेलवे ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और दादर से प्रस्थान करने वाली डाउन मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को ठाणे और कल्याण के बीच पांचवीं लाइन से चलाया जाएगा, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और दादर की ओर आने वाली अप मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को कल्याण और ठाणे के बीच छठवीं लाइन से डायवर्ट किया जाएगा।

हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी के बीच अप एवं डाउन लाइनों पर (पोर्ट लाइन को छोड़कर) सुबह 11:05 बजे से शाम 16:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान पनवेल से सुबह 10:33 बजे से दोपहर 15:49 बजे तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएं तथा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 09:45 बजे से दोपहर 15:12 बजे तक बेलापुर/पनवेल की ओर जाने वाली डाउन हार्बर लाइन सेवाएं रद्द रहेंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी सेवाएं प्रभावित रहेंगी। पनवेल से सुबह 11:02 बजे से दोपहर 15:53 बजे तक ठाणे की ओर जाने वाली अप ट्रांस-हार्बर लाइन सेवाएं तथा ठाणे से सुबह 10:01 बजे से दोपहर 15:20 बजे तक पनवेल की ओर जाने वाली डाउन ट्रांस-हार्बर लाइन सेवाएं रद्द की जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ब्लॉक अवधि के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस मुंबई-वाशी सेक्शन पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा ठाणे-वाशी/नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी तथा पोर्ट लाइन सेवाएं भी सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि ये मेगा ब्लॉक बुनियादी ढांचे के रखरखाव और संरक्षा के लिए आवश्यक हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।