प्रयागराज मंडल में ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान का शुभारंभ

प्रयागराज मंडल में क्लाइमेट चेंज थीम पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान का शुभारंभ

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मंडल कार्यालय में 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक चलाए जाने वाले क्लाइमेट चेंज थीम आधारित विश्व पर्यावरण दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा बचत एवं प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसर बनाने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल बदलाव अपनाएं और दूसरों को भी सतत जीवनशैली के लिए प्रेरित करें।

रेलवे द्वारा संचालित इस अभियान के तहत प्रयागराज मंडल में स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के उन्मूलन और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ?मिशन लाइफ? एवं ?विश्व पर्यावरण दिवस-2026? थीम के अंतर्गत पोस्टर, बैनर और डिजिटल संदेशों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन एवं प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

यात्रियों और कर्मचारियों को री-यूजेबल बोतल, बैग और कंटेनर के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा। रेलवे स्टेशनों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और कचरे के उचित निस्तारण के लिए जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

अभियान के दौरान IRCTC एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से जैव-अवक्रमणीय सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। स्टेशनों पर लगी प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, जल पुनर्भरण केन्द्रों का निरीक्षण तथा यात्रियों को अपनी बोतल साथ रखने और पुनः भरने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

रेलवे द्वारा एक पेड़ माँ के नाम पहल के तहत वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। इसके साथ ही ड्राइंग, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के अंतर्गत कपड़े एवं जूट के बैग तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा।

5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर स्काउट्स, एनसीसी, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर अभियान की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया जा सकता है।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल