प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, 44 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए

प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, 44 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए

3.01 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल द्वारा बिना टिकट व अनियमित टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध लगातार सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य रेल यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित बनाना तथा राजस्व में वृद्धि करना है।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज के मार्गदर्शन में 01 मई से 10 मई 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 44,144 यात्रियों को बिना टिकट/अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान यात्रियों से 3,01,66,109 रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल कर रेलवे राजस्व में वृद्धि की गई।

रेल प्रशासन के अनुसार टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशनों एवं ट्रेनों में व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई। अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ-साथ अनियमित टिकट, बिना उचित पास तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर भी कार्रवाई की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं रेल सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही सफर करें और नियमों का पालन करें।