बकरी पालन योजना मे 10 इकाइयों की होगी स्थापना 90 प्रतिशत मिलेगा अनुदान

देवरिया। पशुपालन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुदान संख्या 15 के तहत जनपद देवरिया को 10 बकरी इकाइयों का लक्ष्य आवंटित किया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.श्रीनिवास प्रसाद द्वारा बताया गया कि योजना राज्यांश 90 प्रतिशत एवं लाभार्थी अंश 10 प्रतिशत के आधार पर संचालित है। कुल इकाई लागत रु 60 हजार है, जिसमें राज्यांश रु 54 हजार एवं लाभार्थी अंश रु 6 हजार होगा। प्रति इकाई एक नर व पांच मादा बकरी क्रय कराई जाएगी। नर बकरे का मूल्य रु 10 हजार एवं मादा बकरी का मूल्य रु 9 हजार निर्धारित है। धनराशि से क्रय,बीमा,चिकित्सा तथा परिवहन किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य सीमांत कृषकों,भूमिहीन मजदूरों,विधवा,निराश्रित महिलाओं की आय में वृद्धि एवं बकरी पालन को प्रोत्साहन देकर कुपोषण से बचाव के लिए आत्मनिर्भर बनाना है। डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु,जनपद के निवासी सभी वर्ग के जन सामान्य लाभार्थी पात्र होंगे। भूमिहीन महिला/पुरुष,विधवा, निराश्रित महिला,बेरोजगार परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन प्रक्रिया में 03 प्रतिशत दिव्यांगजन को सम्मिलित किया जाएगा। भेड़ एवं बकरी पालन प्रशिक्षण केन्द्र, इटावा एवं केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान फरह,मथुरा से प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को वरीयता मिलेगी। लक्ष्य के सापेक्ष 20 प्रतिशत अतिरिक्त लाभार्थियों की प्रतीक्षा सूची भी बनेगी।उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र लाभार्थी अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, देवरिया से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।