जम्मू मंडल में 15 मई से 5 जून तक चलेगा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 विशेष अभियान

जम्मू मंडल में 15 मई से 5 जून तक चलेगा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 विशेष अभियान

क्लाइमेट चेंज थीम पर वृक्षारोपण, स्वच्छता, वॉकाथॉन व प्लास्टिक मुक्त अभियान होंगे आयोजित

जम्मू। रेलवे बोर्ड एवं मुख्यालय के निर्देशानुसार जम्मू मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 मई से 5 जून 2026 तक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम क्लाइमेट चेंज रखी गई है, जिसे मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान जम्मू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और अन्य परिसरों में व्यापक स्तर पर पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वृहद वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान,से नो टू सिंगल यूज प्लास्टिक जागरूकता कार्यक्रम, जल एवं ऊर्जा संरक्षण गतिविधियां, पौधा वितरण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन तथा जन जागरूकता रैली प्रमुख रूप से शामिल हैं।

जम्मू मंडल इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश देगा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत पानी बचाएं, ऊर्जा बचाएं तथा सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें जैसे संदेशों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा, जिससे लोग अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वच्छ, हरित एवं सतत पर्यावरण के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू मंडल पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता को नई दिशा देगा।