अग्नि सुरक्षा को लेकर 10 से 20 मई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान

स्कीम-15 के तहत झोपड़पट्टी क्षेत्रों में चला अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान

लकड़ी के चूल्हे और गैस सिलेंडर से होने वाली आग की घटनाओं से बचाव की दी जानकारी

मुरादाबाद में 9 स्थानों पर 111 लोगों को किया गया जागरूक

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, लखनऊ के 08 मई 2026 के आदेश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के निर्देशानुसार जनपद में स्कीम नम्बर-15 के अंतर्गत 10 मई 2026 से 20 मई 2026 तक विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के दुर्बल/निम्न आय वर्ग तथा स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में लकड़ी के चूल्हे की आग और घरेलू कुकिंग गैस सिलेंडर/छोटे सिलेंडरों से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है।

इसी क्रम में बुधवार 13 मई 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी के आदेश पर मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान झोपड़पट्टी एवं कमजोर वर्ग की बस्तियों में पहुंचकर अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को आग से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया।

अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों व स्थानीय नागरिकों को बताया कि लकड़ी के चूल्हे का उपयोग करते समय आग को खुला छोड़ना, ज्वलनशील वस्तुओं को पास रखना तथा बिना निगरानी के खाना पकाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित सुरक्षा उपायों पर भी विशेष रूप से जोर दिया गया।

टीम ने लोगों को जानकारी दी कि गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत चूल्हा बंद करें, बिजली के स्विच न चलाएं, खिड़की-दरवाजे खोलकर हवा का आवागमन बढ़ाएं और तुरंत अग्निशमन विभाग या संबंधित एजेंसी को सूचना दें। साथ ही गैस सिलेंडर की समय-समय पर जांच कराने और रेगुलेटर व पाइप की स्थिति ठीक रखने की सलाह दी गई।

अग्निशमन विभाग द्वारा बताया गया कि 13 मई को जिले में कुल 9 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें 111 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क बनाकर आग जैसी घटनाओं को रोकना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग से संपर्क करें।