रेलपथ मरम्मत कार्य के चलते शिकारपुरा फाटक 14 मई की रात से रहेगा बंद

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेल संरक्षा एवं रेलपथ की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में सांगानेर-शिवदासपुरा स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक संख्या 73 (शिकारपुरा फाटक) को ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि समपार फाटक संख्या-73 को दिनांक 14 मई 2026 को रात 10 बजे से 15 मई 2026 को सुबह 6 बजे तक पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान रेलपथ मरम्मत का कार्य किया जाएगा, जिससे रेल संचालन को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखा जा सके।

रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि उक्त समयावधि में यातायात हेतु वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए पहले से योजना बनाकर यात्रा करें।