उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

पारदर्शिता, समयबद्ध कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर दिया गया जोर

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, जयपुर में बुधवार को लम्बित न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, समय पर जवाब दाखिल करने तथा न्यायिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना रहा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि बैठक में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने न्यायिक मामलों की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए लिम्बस पोर्टल पर कोर्ट केस की जानकारी रियल टाइम आधार पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों का समय पर निस्तारण न केवल रेलवे की कार्यप्रणाली को मजबूत करेगा बल्कि विभाग की छवि को भी बेहतर बनाएगा।

अपर महाप्रबंधक ने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी न्यायालय में जवाब निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करें और न्यायालय के आदेशों की अनुपालना समय पर सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवमानना की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि उत्तर पश्चिम रेलवे न्यायिक प्रक्रियाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

बैठक में उप महाप्रबंधक (विधि) प्रतुल सारोलिया ने भी सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायिक मामलों से संबंधित दस्तावेजों को पोर्टल पर तुरंत अपलोड किया जाए तथा एक्सेप्शन रिपोर्ट को बिना विलंब के क्लियर किया जाए। साथ ही न्यायिक प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु रेलवे अधिवक्ताओं के साथ नियमित बैठक आयोजित करने पर जोर दिया गया।

बैठक के समापन पर उत्कृष्ट कार्य के लिए जयपुर मंडल के अनिल तिवारी, निर्माण विभाग के धर्मेन्द्र कुमार शर्मा तथा कार्मिक विभाग प्रधान कार्यालय के दीपक कुमार को सर्वश्रेष्ठ मुख्य विधि सहायक के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ 2000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की नियमित समीक्षा बैठकों से न्यायिक मामलों का समाधान तेज होगा, विभागीय समन्वय मजबूत होगा तथा उत्तर पश्चिम रेलवे की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनेगी।