कटरा स्टेशन पर टिकट चेकिंग स्टाफ की मानवीय पहल, बिछड़ी बुजुर्ग महिला को परिवार से मिलाया

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल अंतर्गत श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल देखने को मिली। स्टेशन पर तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से मध्य प्रदेश की एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया।

जानकारी के अनुसार ड्यूटी के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ कर्मी श्री कमलकांत को इंक्वायरी कार्यालय के पास एक बुजुर्ग महिला असहाय और घबराई हुई अवस्था में मिली। पूछताछ करने पर पता चला कि महिला बीती शाम स्टेशन की भीड़भाड़ के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गई थीं। मानसिक रूप से परेशान होने के कारण वह अपने परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने तुरंत महिला को सहारा दिया और राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दी। जीआरपी के सहयोग से महिला की पहचान मध्य प्रदेश के विक्रमगढ़ निवासी के रूप में की गई। उपलब्ध जानकारी के आधार पर परिजनों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया गया। परिजनों ने बताया कि वे अपनी माता के खो जाने से अत्यंत चिंतित थे।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने टिकट चेकिंग स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्टाफ ने केवल ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि मानवता का परिचय देते हुए एक बिछड़े परिवार को मिलाने का सराहनीय कार्य किया है।

रेलवे प्रशासन की देखरेख में बुजुर्ग महिला को ट्रेन संख्या 12472 स्वराज एक्सप्रेस के माध्यम से कटरा स्टेशन से उनके गृह नगर विक्रमगढ़ के लिए सुरक्षित रवाना किया गया। ट्रेन के ऑन-बोर्ड स्टाफ को भी महिला की विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए।

इस संवेदनशील कार्रवाई की स्थानीय यात्रियों तथा महिला के परिजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। घटना ने यह साबित किया कि भारतीय रेल न केवल यात्रा को सुगम बनाती है, बल्कि संकट की घड़ी में यात्रियों की सुरक्षा में रक्षक की भूमिका भी निभाती है।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल