भारी बारिश-तूफान से पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवा प्रभावित, ट्रैक से पेड़-पत्थर हटाने का कार्य जारी

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल अंतर्गत बैजनाथ पपरोला से जोगिंदर नगर रेल खंड पर 11 मई की रात भारी बारिश और तेज तूफान के चलते रेल संचालन प्रभावित हो गया। बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और पत्थरों की चट्टानें खिसकने से ट्रैक बाधित हो गया, जिससे पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवा पर असर पड़ा।

रेल प्रशासन द्वारा मौके पर तत्काल टीमों को भेजकर ट्रैक से पेड़ और पत्थर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार ट्रैक क्लियर होते ही बैजनाथ पपरोला से जोगिंदर नगर रेल खंड पर नैरो गेज ट्रेन संचालन जल्द बहाल कर दिया जाएगा।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 06:25 बजे निरीक्षण के दौरान निम्न स्थानों पर ट्रैक बाधित पाया गया?

पालमपुर -बैजनाथ पपरोला के बीच ट्रैक पर पेड़ गिरे मिले।

बैजनाथ पपरोला - अह्जु के बीच भारी पत्थर और पेड़ ट्रैक पर पाए गए।

पालमपुर -नगरोटा के बीच भी पेड़ गिरने से रेल मार्ग अवरुद्ध हो गया।

रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं मरम्मत कार्य लगातार जारी है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।