प्रयागराज जंक्शन पर किलेबंदी कर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, 503 यात्री पकड़े गए

प्रयागराज जंक्शन पर किलेबंदी कर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान, 503 यात्री पकड़े गए

बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर 3.76 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

प्रयागराज। रेलवे प्रशासन द्वारा टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए प्रयागराज जंक्शन पर किलेबंदी कर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों, धूम्रपान करने वालों तथा बिना बुकिंग सामान ले जाने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

प्रयागराज मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में मंडल द्वारा यात्रियों को अच्छा भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि दिनांक 06 मई 2026 को प्रयागराज जंक्शन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 503 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के अंतर्गत प्रभारित किया गया, जिनसे कुल 3,76,426 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान 235 बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से 2,28,120 रुपये तथा 268 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 1,48,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान राजस्व वृद्धि के साथ-साथ स्टेशन परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे परिसर व ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।