कृष्णनगर–आमघाटा रेलखंड पर यात्रियों को बड़ी सौगात, सियालदह मंडल ने शुरू की दो नई जोड़ी ट्रेनें

कोलकाता। स्थानीय यात्रियों की यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने कृष्णनगर-आमघाटा एकल रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में 13 मई 2026 से इस मार्ग पर दो (02) अतिरिक्त जोड़ी लोकल ट्रेनें शुरू की जा रही हैं।

गौरतलब है कि कृष्णनगर-आमघाटा रेलखंड कुछ महीने पहले ही क्षेत्रीय जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया था। इसके उद्घाटन के बाद से यहां तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा था। अब यात्रियों की बढ़ती मांग और मायापुर सहित आसपास के क्षेत्रों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने यह अहम कदम उठाया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, नई सेवाओं के संचालन से इस क्षेत्र में आवागमन अधिक सुचारू, समयबद्ध और विश्वसनीय होगा।

नई ट्रेनों का समय

प्रातःकालीन सेवा

ट्रेन संख्या 31887 कृष्णनगर से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी।

ट्रेन संख्या 31888 आमघाटा से सुबह 05:43 बजे प्रस्थान करेगी।

रात्रिकालीन सेवा

ट्रेन संख्या 31889 कृष्णनगर से रात्रि 10:15 बजे प्रस्थान करेगी।

ट्रेन संख्या 31890 आमघाटा से रात्रि 10:40 बजे प्रस्थान करेगी।

अब कुल 5 जोड़ी ट्रेनें चलेंगी

इन दो नई जोड़ी ट्रेनों के शुरू होने के बाद कृष्णनगर-आमघाटा रेलखंड पर अब कुल पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पहल यात्रियों को आरामदायक यात्रा, बेहतर समय प्रबंधन और क्षेत्रीय विकास को गति देने में सहायक होगी।

सियालदह मंडल की यह नई व्यवस्था क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।