19 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन को रवाना, मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच यात्रा जारी

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां वैष्णो देवी के दरबार में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है। यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है और श्रद्धालु उत्साह के साथ लगातार भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।

रविवार को शाम छह बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवा कर मां के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना हुए। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और यात्रा मार्ग पर रौनक देखने को मिली।

दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में बादलों का जमावड़ा शुरू हो गया और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बदलते मौसम के बावजूद यात्रा व्यवस्था सामान्य बनी रही।

यात्रियों की सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे जैसी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सेवाएं भी प्रमुख रूप से उपलब्ध हैं।

प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं लगातार बनाए रखी गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।