जम्मू मंडल की शानदार पहल: श्रीनगर स्टेशन पर पर्यटकों के लिए विशेष सुविधा केंद्र शुरू

श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर ?पर्यटक स्वागत एवं सुविधा केंद्र? का शुभारंभ

जम्मू मंडल की अनूठी पहल, यात्रियों को मिलेगा एक ही स्थान पर संपूर्ण पर्यटन मार्गदर्शन

जम्मू। आगामी ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए जम्मू मंडल द्वारा कश्मीर घाटी में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल की गई है। इसी क्रम में श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर विशेष पर्यटक स्वागत एवं सुविधा केंद्र (Tourist Welcome & Facilitation Centre) का शुभारंभ किया गया है। यह केंद्र घाटी में आने वाले पर्यटकों के लिए न केवल मार्गदर्शन का माध्यम बनेगा, बल्कि उनकी यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और यादगार बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यह कदम गर्मियों की छुट्टियों के दौरान श्रीनगर एवं कश्मीर घाटी में संभावित भारी पर्यटक भीड़ को देखते हुए उठाया है। इस सुविधा केंद्र के शुरू होने से अब श्रीनगर पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही पर्यटन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेगी।

अक्सर पहली बार कश्मीर आने वाले पर्यटक स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों और जरूरी सुविधाओं की जानकारी के अभाव में परेशान हो जाते हैं। ऐसे में यह सुविधा केंद्र उनके लिए एक सहायक मार्गदर्शक की तरह कार्य करेगा। यहां तैनात प्रशिक्षित कर्मचारी पर्यटकों को कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, स्थानीय यात्रा साधनों, टैक्सी/बस सेवाओं, होटल संबंधी जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की त्वरित जानकारी प्रदान करेंगे।

यह पहल केवल यात्री सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रेलवे के लिए अन्य-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) अर्जित करने का भी प्रभावी माध्यम बनेगी। इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत है।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने इस पहल को यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी बताते हुए कहा कि रेलवे का उद्देश्य केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उनकी पूरी यात्रा को आरामदायक और यादगार बनाना है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर स्टेशन पर शुरू किए गए ये काउंटर पर्यटकों में सुरक्षा और सुविधा का भरोसा पैदा करेंगे, जिससे कश्मीर पर्यटन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि यह सुविधा केंद्र पर्यटकों को सही दिशा और सही जानकारी देकर उनकी यात्रा को बेहतर बनाएगा, साथ ही कश्मीर की खूबसूरती और संस्कृति को जानने-समझने का अवसर भी प्रदान करेगा।

इस सकारात्मक पहल से यह स्पष्ट है कि जम्मू मंडल लगातार यात्री हित में नए कदम उठाकर रेलवे सेवाओं को आधुनिक और पर्यटक अनुकूल बनाने में जुटा हुआ है।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल