उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर काम करेंगे 1 हजार के करीब कर्मचारी

उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर काम करेंगे 1 हजार के करीब कर्मचारी
उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर काम करने के लिए रेलवे ने उत्तर रेलवे के पांच मंडलों से 1 हजार कर्मचारियों की सूची मांगी है जोकि स्वैच्छिक आधार पर होगी। इस संबंध में रेलवे ने 11 जून को निर्देश जारी करके कर्मचारियों के लिए फार्म जारी किया है। इसमें कुछ नियम भी दिए हैं।
इस सेक्शन पर कार्य करने के लिए दिल्ली सहित, मुरादाबाद, अंबाला, लखनऊ और फिरोजपुर मंडल के पक्के कर्मचारी काम करेंगे। उनकी देख-रेख की जिम्मेदारी फिरोजपुर मंडल के अधीन होगी क्योंकि उक्त सेक्शन फिराेजपुर के अधीन है। वहीं नियमों के तहत कम से कम पांच साल तक यहां तबादला रहेगा जब तक कि रेलवे बोर्ड की तरफ से नवनियुक्त कर्मचारियों की स्थाई नियुक्ति नहीं हो जाती। यहां कार्य करने वाले कर्मचारियों पर रेलवे या विजिलेंस की तरफ से कोई भी मामला लंबित नहीं होना चाहिए। कर्मचारी को नियमानुसार अपने तबादले जुड़ा फार्म लिफाफे में भिजवाना होगा। इसमें वरिष्ठता का भी आंकलन किया जाएगा। उक्त सेक्शन पर कार्य करने वाले कर्मचारियों के अंतिम चयन की प्रक्रिया स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा पूरी की जाएगी।
इतने कर्मचारियों की होगी नियुक्ति
उत्तर रेलवे बड़ौदा हाउस द्वारा जारी आदेशों के तहत 10 विभागों के कर्मचारियों की तैनाती उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर की जाएगी। इसमें लेवल दो श्रेणी के तहत मेकेनिकल और सीएंडडब्ल्यू के कर्मचारी, मेक्निकल व डिजास्टर मैनेजमेंट के, और एसी के कर्मचारी, इलेक्ट्रिकल व पावर सप्लाई के, टीआरडी, टीआरएस व टीएसओ के , टीआरडी के, सिग्नल के,दूरसंचार के, सिविल इंजीनियरिंग के, वाणिज्य विभाग के कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसी प्रकार लेवल प्रथम के तहत इलेक्ट्रिकल और जनरल सप्लाई के तहत,टीआरडी और वाणिज्य विभाग के तहत चपरासी, लगेज पोर्टर व सेल्समेन के कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
सीनियर डीसीएम पामदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलवे मुख्यालय की टीम पहले नए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेगी बाद में स्टेशन पर कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी रेलवे स्टेशन पर काम बहुत ही तेजी से चल रहा है